ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलरामपुर के सहयोग से रविवार, 1 नवंबर 2026 को जिला पंचायत भवन के सभागार में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने, कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने की पहल की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जनपद न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) अवधेश कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जनपद के न्यायिक अधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि तथा योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित रहे।
न्यायिक अधिकारियों ने लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाणपत्र, चेक और ट्राईसाइकिल
मेगा शिविर में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। अपर जनपद न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) अवधेश कुमार ने दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की। ट्राईसाइकिल प्राप्त करने वाले लाभार्थियों में उत्साह देखने को मिला।
अपर जिला जज, द्रुतगामी न्यायालय सुमित प्रेमी ने लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए, जबकि विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट राहुल सिंह ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को प्रमाणपत्र एवं चेक प्रदान किए। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनूप कुमार पांडेय ने वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित किए।
इसी क्रम में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) शैलेश कुमार मौर्य ने नंद बाबा दुग्ध मिशन के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) राहुल आनंद द्वितीय ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए।
सिविल जज (सीनियर डिवीजन), द्रुतगामी न्यायालय मोनिका मिश्रा ने बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए, जबकि सिविल जज (जूनियर डिवीजन) असगर अली ने शादी अनुदान योजना के पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया।
इसके अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट नीरू आनंद, अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) रेनू गौतम, न्यायिक मजिस्ट्रेट मेघाली सिंह तथा न्यायाधिकारी तुलसीपुर आस्था सिंह ने स्वच्छ भारत मिशन, शादी अनुदान योजना और निःशुल्क बीज वितरण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लोगों को लाभ प्रदान किया।
निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण के साथ वितरित की गईं दवाइयां
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आमजन के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई। चिकित्सकों ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही जरूरत के अनुसार लाभार्थियों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। इससे शिविर में पहुंचे लोगों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।
कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक
शिविर में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया।
इस पहल के माध्यम से वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, महिलाओं, बालिकाओं, किसानों और अन्य पात्र वर्गों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। साथ ही आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी अधिकारों तथा न्याय प्राप्त करने के उपलब्ध माध्यमों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलरामपुर के सचिव यशपाल वर्मा एवं मध्यस्थ मोहित श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर जनपद के न्यायिक अधिकारी, जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, योजनाओं के लाभार्थी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से आयोजित यह शिविर विधिक जागरूकता बढ़ाने, जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और सामाजिक न्याय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
