ब्यूरो चीफ आमिर मिर्ज़ा, प्रयागराज ✍️
प्रयागराज। बहरिया थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव में 11 वर्षीय बालक की संदिग्ध मौत के मामले में उसकी मां पर ही हत्या का आरोप लगा है। पिता की तहरीर और मृतक की बड़ी बहन के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी मां सोना देवी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बालक की मौत दम घुटने से होने की पुष्टि हुई है।
रामलीला देखकर घर लौटा था मासूम
जानकारी के मुताबिक, पूर्णमासी लाल मौर्य 29 अक्टूबर को करेली क्षेत्र में मजदूरी करने गए थे। इसी दौरान उनके भतीजे महेंद्र ने फोन कर बेटे रामसुख की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना दी। घर पहुंचने पर उन्होंने बेटे का शव दरवाजे पर रखा देखा।
पिता के अनुसार, पत्नी सोना देवी ने बताया कि रामसुख 28 अक्टूबर की रात सराय सुल्तान में रामलीला देखने गया था। वहां से करीब 11 बजे लौटने के बाद उसने पेट दर्द की शिकायत की और सो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।
हालांकि, बेटे के गले पर गहरे निशान देखकर पिता को शक हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना देकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बालक की मौत दम घुटने से होने की बात सामने आई। चिकित्सकीय जांच के अनुसार, किसी पतली रस्सी या कपड़े के लेस से गला कसने के कारण उसकी मौत हुई। इसके बाद मामले में हत्या की आशंका गहरा गई।
बड़ी बहन ने बताई घटना, मां पर लगाया आरोप
परिवार के अनुसार, 30 अक्टूबर को पिता ने अपनी बड़ी बेटी संगीता को लगातार रोते देखा। पूछने पर उसने कथित तौर पर बताया कि 28 अक्टूबर की रात उसने अपनी मां सोना देवी को कपड़े के लेस से भाई रामसुख का गला कसते हुए देखा था। बेटी के मुताबिक, इस दौरान मां ने रामसुख की पीठ पर भी कई बार वार किए।
संगीता ने यह भी आरोप लगाया कि मां ने घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे भी जान से मारने की धमकी दी थी। इसी डर के कारण वह पहले चुप रही। बाद में उसने पिता को पूरी घटना बताई।
पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
पूर्णमासी लाल मौर्य ने पत्नी सोना देवी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। बहरिया थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है।
थानाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह के मुताबिक, मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सच की आवाज़ वेब न्यूज़
