नया मोबाइल टावर लगाने या वैकल्पिक नेटवर्क व्यवस्था लागू करने की मांग, समाधान न होने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️
प्रयागराज, 23 नवंबर 2026। जनपद न्यायालय परिसर में रिलायंस जियो की लचर नेटवर्क व्यवस्था और खराब इंटरनेट सेवाओं को लेकर इलाहाबाद जन कल्याण समिति ने मोर्चा खोल दिया है। समिति के अध्यक्ष मोहम्मद हंजला ने इस गंभीर जनसमस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी प्रयागराज को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल नया मोबाइल टावर स्थापित कराने अथवा उच्च क्षमता वाली वैकल्पिक नेटवर्क व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
ज्ञापन में मोहम्मद हंजला ने कहा कि जनपद न्यायालय एक अत्यंत महत्वपूर्ण न्यायिक एवं सार्वजनिक स्थल है, जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में अधिवक्ता, वादकारी, कर्मचारी और आम नागरिक पहुंचते हैं। इसके बावजूद न्यायालय परिसर में जियो का सिग्नल बेहद कमजोर रहता है और कई स्थानों पर नेटवर्क पूरी तरह गायब हो जाता है।
नेटवर्क की इस समस्या के कारण लोगों को जरूरी फोन कॉल करने, ऑनलाइन विधिक दस्तावेज देखने तथा डिजिटल भुगतान यानी यूपीआई करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे न्यायालय परिसर में आने वाले लोगों के आवश्यक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
समिति के अध्यक्ष ने कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जियो द्वारा उपभोक्ताओं से पूरा रिचार्ज शुल्क वसूला जा रहा है, लेकिन न्यायालय जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थान पर बुनियादी नेटवर्क सेवा भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। उन्होंने इसे उपभोक्ता हितों के विरुद्ध बताते हुए तत्काल सुधार की आवश्यकता जताई।
ज्ञापन में रखीं प्रमुख मांगें
इलाहाबाद जन कल्याण समिति ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जनपद न्यायालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में रिलायंस जियो को तत्काल नया मोबाइल टावर (BTS) लगाने के निर्देश दिए जाएं।
इसके साथ ही नया टावर स्थापित होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में माइक्रो-साइट, नेटवर्क बूस्टर अथवा इन-बिल्डिंग नेटवर्क सॉल्यूशन लागू कराया जाए, ताकि न्यायालय परिसर में नेटवर्क की समस्या से राहत मिल सके।
समिति ने संबंधित विभागों एवं कंपनी के अधिकारियों से तकनीकी जांच कराकर समस्या का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराने की भी मांग की है।
जियो के अधिकारियों को भी भेजी गई ज्ञापन की प्रतिलिपि
समिति ने समस्या के शीघ्र समाधान के लिए ज्ञापन की प्रतिलिपि रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के नोडल अधिकारी, अपीलीय अधिकारी तथा प्रयागराज सर्किल के मुख्य ग्राहक सेवा प्रबंधक को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी है।
मोहम्मद हंजला ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और कंपनी द्वारा इस जनसमस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो समिति विवश होकर सक्षम उपभोक्ता आयोग एवं अन्य विधिक मंचों पर शिकायत दर्ज कराएगी। साथ ही उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए क्षतिपूर्ति की मांग करते हुए कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
अब देखना होगा कि जनपद न्यायालय परिसर में नेटवर्क की समस्या को लेकर प्रशासन और रिलायंस जियो कंपनी कब तक ठोस कदम उठाते हैं और हजारों लोगों को इस परेशानी से कब राहत मिलती है।
#Prayagraj #JioNetwork #AllahabadJanKalyanSamiti #PrayagrajNews #ConsumerRights
