प्रयागराज में भव्य ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का प्रदर्शन


पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया रहे मुख्य अतिथि, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने की अध्यक्षता

ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️

प्रयागराज। शासन के निर्देशों के क्रम में रविवार को नागरिक सुरक्षा विभाग, प्रयागराज के तत्वावधान में बिशप जॉनसन्स कॉलेज, कचहरी चौराहा पर हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए भव्य ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन कर आपदा प्रबंधन की तैयारियों का अभ्यास किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस आयुक्त श्री पीयूष मोर्डिया रहे, जबकि जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा श्री मनीष कुमार वर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की काल्पनिक सूचना प्राप्त होने पर सायरन के माध्यम से खतरे का संकेत दिया गया। इसके बाद विद्युत आपूर्ति बाधित कर पूरे क्षेत्र में ब्लैकआउट कराया गया। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने तथा हवाई हमले के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। हमले की समाप्ति पर सायरन के माध्यम से सुरक्षित होने का संकेत दिया गया।

विभिन्न विभागों ने किया राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन

मॉक ड्रिल में नागरिक सुरक्षा विभाग, अग्निशमन विभाग, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, एनसीसी तथा अन्य संबंधित विभागों ने सहभागिता करते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में किए जाने वाले राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया।

नागरिक सुरक्षा की फायर टीम ने अग्नि बम एवं पेट्रोल से लगी आग को नियंत्रित करने का प्रदर्शन किया। वहीं अग्निशमन विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर लगी आग को फायर टेंडर एवं दोपहिया अग्निशमन दस्ते की सहायता से बुझाने का अभ्यास किया।

नागरिक सुरक्षा की फर्स्ट एड टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने, पट्टी एवं स्प्लिंट लगाने तथा उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का अभ्यास किया। इसके साथ ही फायरमैन लिफ्ट, टू हैंड सीट, थ्री हैंड सीट, फोर हैंड सीट एवं स्ट्रेचर ड्रिल के माध्यम से घायलों को निकालने का प्रदर्शन किया गया।

एसडीआरएफ की टीम ने बहुमंजिला भवन में फंसे लोगों को रस्सी के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन किया। एनसीसी कैडेट्स एवं नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने भी राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाई।

अधिकारियों ने तैयारियों और समन्वय की सराहना की

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस आयुक्त श्री पीयूष मोर्डिया एवं अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी/नियंत्रक नागरिक सुरक्षा श्री मनीष कुमार वर्मा ने मॉक ड्रिल का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों की सराहना की।

इस अवसर पर महापौर श्री उमेश चंद्र गणेश केसरवानी एवं शहर उत्तरी के विधायक श्री हर्षवर्धन बाजपेई भी उपस्थित रहे।

महापौर ने नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के समर्पण एवं सेवाभाव की प्रशंसा करते हुए आमजन को आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा का प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। वहीं पुलिस आयुक्त ने विभिन्न विभागों एवं स्वयंसेवकों के आपसी समन्वय की सराहना करते हुए इस प्रकार के अभ्यासों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा श्री मनीष कुमार वर्मा ने नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के समर्पण तथा समाजसेवा की भावना की प्रशंसा की। उन्होंने अधिक से अधिक नागरिकों से नागरिक सुरक्षा संगठन से जुड़ने एवं आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपील की।

कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों द्वारा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (नगर) श्री सागर जैन, मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री चंद्र मोहन शर्मा, उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा श्री नीरज मिश्रा, चीफ वार्डन श्री अनिल कुमार सहित पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, एनसीसी एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारी, स्वयंसेवक, बड़ी संख्या में प्रतिभागी एवं दर्शक उपस्थित रहे।

आपदा के समय सजगता, प्रशिक्षण और विभागीय समन्वय ही सुरक्षित समाज की मजबूत आधारशिला हैं। नागरिक सुरक्षा में सहभागिता निभाएं, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।

#Prayagraj #BlackoutMockDrill #CivilDefence #DisasterManagement #PrayagrajNews

Previous Post Next Post