अजगैन में तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, राजमिस्त्री की मौत; परिवार में मचा कोहराम


ब्यूरो रिपोर्ट सीमा मौर्या उन्नाव ✍️

उन्नाव। अजगैन थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार राजमिस्त्री की मौत हो गई। जिओ बीपी पेट्रोल पंप, अनंत हॉस्पिटल के सामने एक तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 33 वर्षीय आलोक पुत्र रामसेवक निवासी जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। आलोक राजमिस्त्री का काम करते थे और रोजी-रोटी के सिलसिले में कानपुर में किराए के कमरे में रह रहे थे।

निर्माण कार्य के सिलसिले में उन्नाव आ रहे थे आलोक

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे आलोक बाइक से निर्माण कार्य से संबंधित काम देखने उन्नाव आ रहे थे। इसी दौरान अजगैन थाना क्षेत्र में जिओ बीपी पेट्रोल पंप के पास अनंत हॉस्पिटल के सामने अज्ञात भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आलोक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बच सकी जान

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायल आलोक को अस्पताल लेकर गई, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिवार की जिम्मेदारी उठाते थे आलोक

आलोक की मौत की खबर मिलते ही जौनपुर में रह रहे परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार की रोजी-रोटी चलाने के लिए आलोक राजमिस्त्री का काम करते थे। घर से दूर रहकर मेहनत-मजदूरी करने वाले आलोक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के मुताबिक, हादसे की जांच की जा रही है। टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी।

Previous Post Next Post