लखनऊ। राजधानी के हजरतगंज स्थित नेशनल पी.जी. कॉलेज-2 में कार्यरत एक महिला संविदा कर्मचारी ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर मानसिक उत्पीड़न, मानहानि, गाली-गलौज और नौकरी से निकालने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने महिला आयोग सहित संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़िता नेहा शुक्ला, जो पिछले करीब 10 वर्षों से कॉलेज में जूनियर क्लर्क के पद पर संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत हैं, ने आरोप लगाया है कि कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर देवेंद्र कुमार सिंह और लेखाकार संतोष श्रीवास्तव द्वारा उनके साथ लगातार अमर्यादित व्यवहार किया जा रहा है। उनके अनुसार, कार्यस्थल पर उन्हें अपमानजनक शब्दों से संबोधित किया जाता है, गाली-गलौज की जाती है और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है।
शिकायत में कहा गया है कि बीमार होने की सूचना देने के बावजूद लेखाकार द्वारा सार्वजनिक रूप से उनके मृत होने की झूठी घोषणा कर दी गई, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरी ठेस पहुंची। यह घटना छात्रों और कर्मचारियों के सामने की गई, जिसे पीड़िता ने गंभीर मानहानि बताया है।
पीड़िता का आरोप है कि जब उनके पति कॉलेज प्रशासन से बात करने पहुंचे, तो उन्हें मिलने से इनकार कर दिया गया और कर्मचारियों द्वारा धक्का देकर बाहर निकलवा दिया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि उनकी पहुंच ऊंचे स्तर तक है और कोई उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार सार्वजनिक मंचों से महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और शालीन व्यवहार की बात करते रहे हैं तथा महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हैं। ऐसे में राजधानी लखनऊ के एक शिक्षण संस्थान में महिला कर्मचारी के साथ इस प्रकार के आरोप सामने आना प्रशासनिक तंत्र और संस्थागत कार्यसंस्कृति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
महिला कर्मचारी ने कहा कि लगातार मानसिक उत्पीड़न के कारण उनका स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन प्रभावित हो रहा है तथा उन्हें अपने सम्मान, जीवन और नौकरी की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका है।
पीड़िता ने महिला आयोग और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, कार्यस्थल पर सुरक्षा और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है।

0 Comments