शाहजहाँपुर, 06 फरवरी 2026।
प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। वायु, जल, सड़क और रेल नेटवर्क की बेहतर कनेक्टिविटी से उद्योगों, मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों और पर्यटन क्षेत्र को नई गति मिली है। इससे प्रदेश के उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुँचाने तथा देशी-विदेशी पर्यटकों के आवागमन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला है।
तेजी से विकसित होती राज्य अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ आधार देने के लिए प्रदेश सरकार ने अवस्थापना सुविधाओं के त्वरित विकास पर विशेष बल दिया है। इसी क्रम में सात आधुनिक एक्सप्रेसवे के निर्माण से क्षेत्रीय परिवहन और कनेक्टिविटी में व्यापक परिवर्तन आया है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रदेश के 17 एयरपोर्ट टर्मिनलों को दो लेन सड़कों से जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजना को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा गया है। इस परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण, मजबूत निर्माण, ड्रेनेज व्यवस्था, संकेतक, स्ट्रीट लाइटिंग तथा यातायात सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे हवाई अड्डों तक पहुँच पहले से अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित हो गई है।
प्रदेश के 10 एयरपोर्ट—आगरा, झांसी, गाजियाबाद, बरेली, अयोध्या, गाजीपुर, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज और श्रावस्ती—पहले से दो लेन सड़क कनेक्टिविटी से जुड़े हैं, जिनका रखरखाव और सुदृढ़ीकरण निरंतर किया जा रहा है। वहीं अलीगढ़, चित्रकूट, सोनभद्र, आजमगढ़, सहारनपुर, कुशीनगर और कानपुर सहित सात एयरपोर्ट टर्मिनलों तक दो लेन सड़क कनेक्टिविटी का कार्य भी पूर्ण हो चुका है।
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से संबंधित जनपदों में आवागमन सुगम हुआ है, क्षेत्रीय विकास को गति मिली है तथा पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है। विशेष रूप से अयोध्या, कुशीनगर, चित्रकूट और श्रावस्ती जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी मजबूत होने से उद्योग, व्यापार और निवेश की संभावनाएँ बढ़ी हैं। साथ ही यातायात सुरक्षा में सुधार और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।
प्रदेश के 17 एयरपोर्ट टर्मिनलों को दो लेन सड़कों से जोड़ने की यह पहल लोक निर्माण विभाग की तकनीकी दक्षता, प्रतिबद्धता और कार्यकुशलता का उत्कृष्ट उदाहरण है। प्रदेश सरकार के सतत प्रयासों से यह योजना न केवल हवाई परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बना रही है, बल्कि उत्तर प्रदेश को आधुनिक, सक्षम और विकसित इंफ्रास्ट्रक्चर वाले राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments