![]() |
| घायल अधिवक्ता शैलेन्द्र कुमार |
रिपोर्ट: लखनऊ ब्यूरो
लखनऊ। राजधानी में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से चोटिल होने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार को शहर में इस तरह की तीसरी घटना सामने आई, जिसमें अलीगंज क्षेत्र में अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार चाइनीज मांझे की चपेट में आकर घायल हो गए। उनका उपचार अलीगंज स्थित नीरा हॉस्पिटल में जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क से गुजरते समय अचानक गर्दन में मांझा उलझने से वह घायल हो गए। चिकित्सकों के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इस तरह की घटनाएं गंभीर खतरे की ओर संकेत करती हैं। बीते दिनों भी शहर के विभिन्न इलाकों में चाइनीज मांझे से हादसे हो चुके हैं, जिनमें जानलेवा चोटें तक आई हैं।
प्रतिबंध के बावजूद बाजार में चाइनीज मांझे की उपलब्धता प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह मांझा न केवल राहगीरों बल्कि दोपहिया वाहन चालकों और पक्षियों के लिए भी अत्यंत खतरनाक है।
नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे पतंगबाजी के दौरान ऐसे घातक मांझे का उपयोग न करें और इसके बहिष्कार में सहयोग दें। सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए सुरक्षित विकल्प अपनाने से ही इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
लखनऊ
0 Comments