शाहजहाँपुर, 06 फरवरी।
प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार के निर्देशन में जनपद शाहजहाँपुर की विभिन्न वन रेंजों में वन अग्नि सुरक्षा सप्ताह (01 से 07 फरवरी) के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रमों एवं संगोष्ठियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को ग्रीष्मकाल में वनों में लगने वाली आग से बचाव, सुरक्षा उपायों तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
सदर क्षेत्र में क्षेत्रीय वनाधिकारी शत्रुध्न प्रसाद की अध्यक्षता में विकास खंड कांट स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक बालिका विद्यालय में संगोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान छात्राओं एवं नागरिकों को वनाग्नि से होने वाली क्षति, बचाव के उपाय तथा सतर्कता के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही राहगीरों को पम्पलेट वितरित कर जनजागरूकता बढ़ाई गई।
जलालाबाद क्षेत्र में क्षेत्रीय वनाधिकारी विशाल रावत की अध्यक्षता में प्राथमिक विद्यालय नगरिया बुजुर्ग में युवाओं को वनाग्नि से बचाव के प्राथमिक उपायों की जानकारी दी गई। वहीं पुवायां क्षेत्र की खुटार रेंज के गंगसरा एवं मंडनपुर बीट में स्थानीय लोगों के साथ विचार-विमर्श कर जंगल में आग लगने की स्थिति में सुरक्षा, त्वरित सूचना एवं वन्यजीव संरक्षण के उपायों पर चर्चा की गई। आमजन से अपील की गई कि वन क्षेत्र में कहीं भी आग दिखाई देने पर तत्काल निकटतम वन चौकी या वनकर्मी को सूचित करें, ताकि संभावित क्षति को समय रहते रोका जा सके।
सिंधौली क्षेत्र में क्षेत्रीय वनाधिकारी वीरेश राव की अध्यक्षता में पूर्व माध्यमिक विद्यालय ढकिया हमीदनगर के छात्र-छात्राओं को सजगता, सूझ-बूझ और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से वनाग्नि रोकथाम के उपाय बताए गए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने वन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा की शपथ भी ली।
वन विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे वनों को आग से सुरक्षित रखने में सक्रिय सहयोग करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देकर प्राकृतिक संसाधनों और वन्यजीवों की रक्षा में सहभागी बनें।
लखनऊ
0 Comments