Breaking News

दयानंद योग केंद्र में धूमधाम से मनाया गया 12वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का दिया संदेश, उत्कृष्ट योगदानकर्ताओं का हुआ सम्मान

शाहजहाँपुर, 21 जून 2026। भारतीय योग संस्थान, रोहिणी (दिल्ली) के तत्वावधान में दयानंद योग केंद्र पर 12वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह, उमंग और आध्यात्मिक वातावरण के बीच धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में चौक क्षेत्र के विभिन्न योग केंद्रों के साधकों, भारतीय स्टेट बैंक, स्टेट बैंक पेंशनर्स एसोसिएशन तथा आर्य समाज के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अर्चना गुप्ता, सुमन तिवारी, माया कपूर, उर्मिला देवल, संध्या सक्सेना, शिवांशी देवल एवं श्रद्धा देवल द्वारा प्रस्तुत सामूहिक भजन से हुआ। इसके पश्चात मां शारदे, भगवान गणेश एवं भारतीय योग संस्थान के संस्थापक श्रद्धेय प्रकाश लाल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन मुख्य अतिथि श्री दत्त शुक्ल एवं विशिष्ट अतिथि ज्ञानेश चंद्र मिश्रा द्वारा किया गया।

मुख्य अतिथि श्री दत्त शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय की तनावपूर्ण और प्रदूषित जीवनशैली में योग ही व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रोगों से बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

केंद्र प्रमुख राजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि यह जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है, जिसमें खानपान, व्यवहार और विचारों की शुद्धता भी शामिल है। नियमित योगाभ्यास से शरीर और मन दोनों स्वस्थ एवं संतुलित रहते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योग प्रशिक्षकों एवं साधकों द्वारा योगासन एवं प्राणायाम का प्रदर्शन किया गया। प्रतिभागियों को ग्रीवा चालन, स्कंध संचालन, ताड़ासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, उष्ट्रासन, भुजंगासन, सेतुबंध आसन, पवनमुक्तासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम तथा ध्यान एवं शांति पाठ का अभ्यास कराया गया।

इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के पदाधिकारियों द्वारा दयानंद योग केंद्र के केंद्र प्रमुख राजेश कुमार मिश्रा, डॉ. देशबंधु, सुमन तिवारी, सरोज कश्यप एवं रेनू सक्सेना को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं मुख्य अतिथि श्री दत्त शुक्ल को "योग सम्मान" से अलंकृत किया गया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. विनोद मिश्रा ने किया तथा आभार प्रदर्शन केंद्र प्रमुख राजेश कुमार मिश्रा द्वारा किया गया। समारोह के अंत में भारतीय स्टेट बैंक की ओर से सभी साधकों को स्वल्पाहार वितरित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सुनील सक्सेना, सौरभ शर्मा, प्रदीप गुप्ता, राजेश कुमार शुक्ला, हरी बाबू सक्सेना, मीना सक्सेना, माधुरी मिश्रा, सत्य प्रकाश तिवारी, अर्चना गुप्ता, अवधेश दीक्षित, संध्या सक्सेना, सुशील गुप्ता सहित अनेक लोगों का विशेष योगदान रहा।

Post a Comment

0 Comments