Breaking News

समूह सखियों की समस्याओं को लेकर सौंपा गया ज्ञापन, युगल किशोर शुक्ल ने संभाला नेतृत्व

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर, 19 जून 2026। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्यरत समूह सखियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पूर्व सांसद प्रत्याशी एवं समाजसेवी युगल किशोर शुक्ल एडवोकेट ने समूह सखियों का नेतृत्व करते हुए उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

समूह सखियों ने जिलाधिकारी बलरामपुर के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शिव नारायण सिंह को तथा मुख्य विकास अधिकारी के नाम ज्ञापन उपायुक्त स्वरोजगार सुशील कुमार अग्रहरि को सौंपा।

ज्ञापन में समूह सखियों ने बताया कि वे कई वर्षों से उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर सरकार की विभिन्न योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। वे नियमित बैठकों में भाग लेने के साथ-साथ ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से योजनाओं के प्रचार-प्रसार और क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

समूह सखियों का आरोप है कि उन्हें मात्र 2000 रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित है, जिसका भुगतान भी कई बार छह माह या एक वर्ष बाद एकमुश्त किया जाता है। साथ ही उन्हें किसी प्रकार का यात्रा भत्ता अथवा अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं, जिससे आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से समूह सखियों ने चार प्रमुख मांगें रखीं—

  1. ऑनलाइन कार्यों के लिए प्रत्येक समूह सखी को मोबाइल फोन एवं रिचार्ज सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
  2. मानदेय का भुगतान प्रत्येक माह सीधे उनके बैंक खातों में किया जाए।
  3. वर्तमान 2000 रुपये मानदेय के स्थान पर प्रशिक्षित एवं कुशल श्रमिकों के अनुरूप न्यूनतम 15,224 रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित किया जाए।
  4. सभी समूह सखियों को स्थायी नियुक्ति प्रदान की जाए।

इस अवसर पर रेखा, आरती, ममता सिंह, राजकुमारी, ज्ञानमती, आरती तिवारी, पूनम, सुनीता सहित जनपद की सैकड़ों समूह सखियां उपस्थित रहीं।

समूह सखियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर एक माह के भीतर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे पूर्व सूचना देकर कार्य बहिष्कार करने को बाध्य होंगी।

Post a Comment

0 Comments