Breaking News

डीएम धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने किया योग सप्ताह का शुभारंभ

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

डॉ. अवधेश मणि ने कराए योगासन, डॉ. इन्दु अजनबी ने किया संचालन

शाहजहाँपुर, 15 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में योग सप्ताह का शुभारंभ शहीद संग्रहालय में किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी एवं नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने भगवान धन्वन्तरि एवं महर्षि पतंजलि के चित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि आज के भागदौड़, तनाव और बढ़ती महत्वाकांक्षाओं के दौर में योग जीवन में संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। योग हमारे तन, मन और प्राण को स्वस्थ रखकर जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है।

योग विज्ञान संस्थान के जिला प्रधान डॉ. अवधेश मणि त्रिपाठी ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। वहीं ज्योति गुप्ता, अखण्ड प्रताप एवं चिवनाथ पाल ने मंच पर योगासनों का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सिराज अहमद अंसारी तथा जिला होम्योपैथ अधिकारी डॉ. शबीना नाज ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।

कवि डॉ. इन्दु अजनबी के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्रा, छावनी परिषद के मानद सदस्य अवधेश कुमार दीक्षित, जिला कार्यक्रम अधिकारी अविरल सिंह चन्देल, डॉ. मनु यादव, डॉ. संदीप सिंह, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. शिवपूजन सिंह, विनीत मिश्रा, दपिन्दर कौर, मो. इमरान, अनुराग पाल, ऊषा कश्यप सहित बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

Post a Comment

0 Comments