स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 21 जून 2026। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद शाहजहाँपुर के जी.एफ. कॉलेज मैदान में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम "योगा फॉर हेल्दी एजिंग" रही, जिसके अंतर्गत स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग के महत्व पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम में लगभग 4000 लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना रहे, जबकि उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव एवं जनपद के नोडल अधिकारी मनीष चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
योग प्रशिक्षक मृदुल कुमार गुप्ता, अभिनव शुक्ला एवं ज्योति गुप्ता ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। योग सत्र में विशेष रूप से ऐसे आसनों पर ध्यान केंद्रित किया गया जो बढ़ती उम्र में शरीर को स्वस्थ, लचीला एवं सक्रिय बनाए रखने में सहायक हैं।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस संदेश का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना।
इस अवसर पर जनपद की योग आइकन गौरी कश्यप को मंत्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और यह केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, मानसिक संतुलन और आत्मिक उन्नति का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को निरोगी, ऊर्जावान और तनावमुक्त जीवन प्रदान करता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज योग विश्वव्यापी आंदोलन बन चुका है और करोड़ों लोग इससे लाभान्वित हो रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सिराज अहमद अंसारी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. शबीना नाज़ अंसारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) अविरल आनंद सिंह, वरिष्ठ आयुष चिकित्सक डॉ. इमरान अली, डॉ. संदीप सिंह, डॉ. मनु प्रताप सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments