Breaking News

18.74 करोड़ की लागत से खन्नौत नदी पर बनेगा सेतु, मंत्री सुरेश खन्ना ने किया शिलान्यास

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

ग्राम हथौरिया में सेतु निर्माण परियोजना का भूमिपूजन, क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति

शाहजहाँपुर, 21 जून 2026। जनपद शाहजहाँपुर के ग्राम हथौरिया के पश्चिमी छोर से पीपल घाट की ओर जाने वाले मार्ग पर खन्नौत नदी पर प्रस्तावित सेतु, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग एवं सुरक्षा कार्यों के निर्माण हेतु रविवार को भव्य शिलान्यास एवं भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर परियोजना का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर लोकसभा सांसद अरुण कुमार सागर, राज्यसभा सांसद मिथलेश कुमार तथा जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

परियोजना प्रबंधक विजेन्द्र कुमार मौर्य ने बताया कि खन्नौत नदी पर बनने वाले इस सेतु की कुल लंबाई 107.08 मीटर होगी तथा इसके निर्माण पर 1874.81 लाख रुपये की लागत आएगी। सेतु निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और आसपास के गांवों का संपर्क अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि शाहजहाँपुर को नगर निगम और स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा और बरसात के दौरान आने-जाने में होने वाली समस्याओं का स्थायी समाधान करेगा।

उन्होंने बताया कि पुल की चौड़ाई ऐसी होगी जिससे भारी वाहनों का आवागमन भी आसानी से हो सकेगा। इस परियोजना से यात्रा का समय कम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।

मंत्री ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, नई शिक्षा नीति, परिषदीय विद्यालयों के कायाकल्प, शिक्षा मित्रों एवं अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि तथा डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों तक सीधे सहायता पहुंचाने जैसी योजनाओं ने ग्रामीण विकास को नई दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments