स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी के निर्देशन में विकास भवन स्थित कार्यालय, अर्थ एवं संख्याधिकारी, शाहजहाँपुर में सोमवार को 20वें सांख्यिकीय दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी विचित्र कुमार साहू ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के महान सांख्यिकीविद् प्रो. प्रशांत चंद्र महालनोबिस के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किया गया। इस अवसर पर उनके सांख्यिकी एवं राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया गया।
अपने संबोधन में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी विचित्र कुमार साहू ने कहा कि प्रो. महालनोबिस ने भारतीय सांख्यिकीय संस्थान (आईएसआई) तथा केंद्रीय सांख्यिकीय संगठन की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने सैंपल सर्वेक्षण की अवधारणा को विकसित कर देश में वैज्ञानिक एवं तथ्यपरक नीति निर्माण की मजबूत आधारशिला रखी। उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 1968 में उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।
कार्यक्रम में वर्ष 2026 के सांख्यिकीय दिवस की थीम "Unlocking the Potential of Administrative Data" पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रशासनिक आंकड़ों का पारदर्शी, तकनीक आधारित एवं प्रभावी उपयोग शासन की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, सटीक नीति निर्माण तथा जनकल्याणकारी निर्णयों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर अपर सांख्यिकीय अधिकारी गीतेश प्रताप मारकण्डेय, रमेश चन्द्र राजवंशी, रवेन्द्र नाथ चौधरी, सहायक सांख्यिकीय अधिकारी अश्वनी कुमार वर्मा, वरिष्ठ सहायक सुभाष चन्द्र सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments