Breaking News

परिवार परामर्श केंद्र में 25 मामलों की सुनवाई, दो दंपतियों का हुआ सफल समझौता

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 23 जून 2026। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में आयोजित सत्र के दौरान कुल 25 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई। परामर्श और समझाइश के बाद दो दंपतियों के बीच आपसी समझौता कराया गया, जिससे उनके परिवारों में पुनः खुशियां लौट आईं।

पहला मामला थाना सिंधौली क्षेत्र का था, जहां करीब सात वर्ष पूर्व विवाह बंधन में बंधे दंपति के बीच पारिवारिक विवाद उत्पन्न हो गया था। आवेदिका ने आरोप लगाया कि उसका पति शराब पीकर मारपीट करता है, जिसके चलते वह अपने मायके में रह रही थी। परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई गई और समझाया गया। अंततः दोनों ने आपसी सहमति से विवाद समाप्त कर साथ रहने का निर्णय लिया।

दूसरा मामला थाना कांट क्षेत्र का था। लगभग 21 वर्ष पुराने वैवाहिक संबंध में घरेलू विवाद के कारण पत्नी पिछले 15 दिनों से मायके में रह रही थी। परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को बुलाकर वार्ता कराई गई। समझाइश और परामर्श के बाद दोनों ने अपने मतभेद भुलाकर पुनः साथ रहने की सहमति जताई।

परिवार परामर्श केंद्र की इस पहल को परिवारों को टूटने से बचाने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी मोनिका कुमारी, नेहा चौहान एवं रश्मि चौधरी सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments