Breaking News

41 वर्षों से लंबित कर्मचारियों के बकाया देयकों का शत-प्रतिशत भुगतान, नगर पालिका बलरामपुर ने रचा इतिहास

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। आदर्श नगर पालिका परिषद, बलरामपुर द्वारा वर्षों से लंबित कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति एवं अन्य बकाया देयकों के शत-प्रतिशत भुगतान के उपलक्ष्य में रविवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक पल्टूराम रहे। इस अवसर पर कर्मचारियों को उनके बकाया देयकों का वितरण किया गया।

मुख्य अतिथि ने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू' के नेतृत्व में पिछले तीन वर्षों में नगर के विकास के साथ-साथ कर्मचारियों के हितों को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। लगभग 41 वर्षों से लंबित कर्मचारियों के करोड़ों रुपये के देयकों का भुगतान कर नगर पालिका ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।

कार्यक्रम में बताया गया कि अध्यक्ष के प्रयासों से वर्ष 2024 में राज्य वित्त आयोग निधि से 2.83 करोड़ रुपये तथा वर्ष 2026 में 3.64 करोड़ रुपये की अतिरिक्त अनुदान राशि प्राप्त हुई। इसी धनराशि से 91 कर्मचारियों को कुल 3 करोड़ 70 लाख 53 हजार 932 रुपये के बकाया देयकों का भुगतान किया गया।

नगर पालिका प्रशासन के अनुसार अब तक 196 कर्मचारियों को कुल 9 करोड़ 25 लाख 20 हजार 96 रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इसके साथ ही आदर्श नगर पालिका परिषद, बलरामपुर कर्मचारियों के बकाया देयकों के मामले में पूरी तरह देनदारी मुक्त हो गई है।

भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र ने कहा कि चार दशकों से लंबित भुगतान का निस्तारण प्रशासनिक इच्छाशक्ति और जनप्रतिनिधियों की सकारात्मक सोच का परिणाम है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू' ने कहा कि कर्मचारियों का बकाया भुगतान कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल था। अब भविष्य में शासन से प्राप्त होने वाली धनराशि का उपयोग नगर के समग्र विकास, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और जनकल्याणकारी कार्यों को गति देने में किया जाएगा।

कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्य सहित जनप्रतिनिधि, सभासद, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments