Breaking News

जिला गंगा समिति एवं महर्षि दयानन्द योग केन्द्र ने कराया योगाभ्यास, ‘‘स्वस्थ वृद्धावस्था हेतु योग’’ विषय पर दिया विशेष जोर

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 19 जून 2026। नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत जिला गंगा समिति शाहजहाँपुर एवं महर्षि दयानन्द योग केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में दयानन्द बाल विद्या मंदिर परिसर में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग साधकों ने ‘‘स्वस्थ वृद्धावस्था हेतु योग’’ विषय पर विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ माधुरी मिश्रा, मीना सक्सेना, शिवांशी देवल, कुमकुम गुप्ता एवं सुमन तिवारी द्वारा सामूहिक वंदना से हुआ। इसके बाद सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष सरोज श्रीवास्तव, सहकारी भारती के प्रदेश संयोजक अभिनव कश्यप तथा जिला परियोजना अधिकारी डॉ. विनय कुमार सक्सेना ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजन के साथ योग सत्र का शुभारंभ किया।

योग केन्द्र के प्रमुख राजेश कुमार मिश्रा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया। इस दौरान मकरासन, वृक्षासन, सेतुबंधासन, मंडूकासन, शशांकासन, शीतली प्राणायाम, कपालभाति सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए गए तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में डॉ. देशबन्धु ने नियमित योगाभ्यास से होने वाले लाभों एवं शरीर में आने वाले सकारात्मक परिवर्तनों पर प्रकाश डाला। वहीं अवनीश कुमार आर्य ने बताया कि वे बचपन से योग कर रहे हैं और वर्तमान में 80 वर्ष की आयु में भी नियमित योग के माध्यम से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जी रहे हैं।

जिला परियोजना अधिकारी डॉ. विनय कुमार सक्सेना ने बताया कि आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर माँ गंगा के पावन तट ढाई घाट पर भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता की अपील की गई।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रधान सत्यप्रकाश तिवारी, अरविन्द मिश्र, प्रदीप मिश्रा, हरिबाबू सक्सेना, अर्चना गुप्ता, शशी अग्निहोत्री, राजेश शुक्ला, डॉ. विनोद मिश्रा, सुनील, संध्या, रचना, हिमांशु सहित बड़ी संख्या में योग साधक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्वयंसेवी संस्था सहकारी भारती का विशेष सहयोग रहा।

Post a Comment

0 Comments