Breaking News

सीएम डैशबोर्ड राजस्व में प्रथम श्रेणी बनाए रखने के निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव (उत्तर प्रदेश)

आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जिलाधिकारी ने दिया जोर

शाहजहांपुर, 12 जून 2026। कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड (राजस्व), लंबित वादों, विशेष भूमि अध्याप्ति कार्यों एवं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड के राजस्व अनुभाग में जनपद को प्रथम श्रेणी में बनाए रखने पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग पूर्व की भांति समन्वय एवं दक्षता के साथ कार्य करते हुए जनपद की रैंकिंग को प्रथम श्रेणी में बनाए रखें। बैठक में सीएम डैशबोर्ड, लंबित वादों के निस्तारण, चकबंदी, आईजीआरएस तथा फार्मर रजिस्ट्रीकरण सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों को अनिवार्य रूप से आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज किया जाए। किसी भी शिकायत को पोर्टल पर दर्ज न करने की स्थिति में संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आईजीआरएस पर निस्तारित प्रकरणों की रैंडम कॉल के माध्यम से समीक्षा की जाएगी। शिकायतकर्ता द्वारा असंतोषजनक फीडबैक मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने 6 जून को आयोजित तहसील दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्रों एवं उनके निस्तारण संबंधी अभिलेख जिलाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अविवादित वरासत, चक मार्गों पर अवैध कब्जों की रोकथाम, सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण हटाने, कृषक दुर्घटना बीमा तथा दाखिल-खारिज से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) मोहम्मद आवेश, समस्त उप जिलाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments