Breaking News

NDRF ने NCC कैडेटों को दिया आपदा प्रबंधन एवं फर्स्ट एड का प्रशिक्षण

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में कैडेटों को सिखाए जीवनरक्षक कौशल

शाहजहाँपुर। पूर्व मानसून तैनाती (Pre-Monsoon Deployment) के अंतर्गत हनुमतधाम आश्रय स्थल, शाहजहाँपुर में तैनात 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम द्वारा सामुदायिक जागरूकता एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रमों का निरंतर संचालन किया जा रहा है।

इसी क्रम में टीम कमांडर निरीक्षक दीपिका के नेतृत्व में NDRF टीम 8M द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय में 25वीं वाहिनी NCC के कैडेटों के लिए आपदा प्रबंधन एवं जीवनरक्षक फर्स्ट एड विषय पर विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कैडेटों को रक्तस्राव नियंत्रण (Bleeding Control), स्प्लिंटिंग (Splinting), सीपीआर (CPR), एफबीएओ (FBAO), आपातकालीन एवं गैर-आपातकालीन निकासी तकनीकों, बाढ़ के दौरान उपयोग किए जाने वाले अस्थायी तैरन उपकरण (Flood Improvised Devices) तथा विभिन्न प्रकार की आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

NDRF टीम द्वारा सभी तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिससे कैडेटों को आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने का प्रशिक्षण प्राप्त हो सके। प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं को समझा।

इस अवसर पर 25वीं वाहिनी NCC के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एस.एस. चीमा, कर्नल आनंद शर्मा, सूबेदार मेजर सुनील रावत सहित NCC स्टाफ तथा सेना के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने NDRF की इस जन-जागरूकता एवं प्रशिक्षण पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण युवाओं को आपदा के समय प्रथम प्रत्युत्तरकर्ता (First Responder) के रूप में तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा समाज में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होते हैं।

Post a Comment

0 Comments