स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
16 जुलाई को प्रधानमंत्री आवासों पर एक साथ लगाए जाएंगे सहजन के पौधे, प्रत्येक विकासखंड में बनेगा मॉडल गांव
शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में पंचायत राज, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), जीरो पॉवर्टी अभियान, गौ संरक्षण, ग्रामीण पुस्तकालय, फैमिली आईडी, अन्नपूर्णा भवन एवं रिक्त उचित दर दुकानों के आवंटन सहित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि व्यक्तिगत शौचालयों के सभी लंबित आवेदनों का निस्तारण आगामी 10 दिनों के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। जिन आवेदनों को स्वीकृति मिल चुकी है, उनकी पहली किस्त तत्काल जारी की जाए। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं सहायक विकास अधिकारियों को प्रत्येक विकासखंड में एक-एक गांव को मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं जन चौपालों का निरीक्षण करेंगे।
जिलाधिकारी ने जर्जर सामुदायिक शौचालयों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा पूरी तरह ध्वस्त शौचालयों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने 161 ग्रामीण पुस्तकालयों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा भावलखेड़ा विकासखंड के सालिया में निर्मित गोवर्धन यूनिट को शीघ्र संचालित कराने के निर्देश दिए।
मनरेगा की समीक्षा के दौरान डीसी मनरेगा ने नई व्यवस्था की जानकारी दी, जिस पर जिलाधिकारी ने सभी एपीओ को श्रमिकों की ई-केवाईसी जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 9 जुलाई तक प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के आवासों पर सहजन पौधारोपण की कार्ययोजना तैयार कर ली जाए तथा 16 जुलाई को पूरे जनपद में एक साथ पौधारोपण अभियान चलाया जाए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बीएमएम एवं एडीओ को पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के लिए गांववार कार्ययोजना बनाकर अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वयं सहायता समूह गठन का लक्ष्य शीघ्र पूरा करने पर भी जोर दिया।
फैमिली आईडी की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।
अन्नपूर्णा भवनों की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन भवनों को शीघ्र पूरा कराने तथा रिक्त उचित दर दुकानों के आवंटन के लिए समयबद्ध प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।
गौ संरक्षण की समीक्षा में जिलाधिकारी ने सभी गौशालाओं में पर्याप्त मात्रा में भूसे की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा चारागाह भूमि पर नेपियर घास की बुवाई कराने के निर्देश दिए, ताकि गोवंश के लिए हरे चारे की निरंतर व्यवस्था बनी रहे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, परियोजना निदेशक अवधेश राम, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, डीसी मनरेगा यशोवर्धन सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रमोद कुमार यादव सहित सभी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), खंड विकास अधिकारी एवं जिला कंसल्टेंट उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments