Breaking News

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 139 जोड़ों का विवाह सम्पन्न, जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 27 जुलाई। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सोमवार को जनपद के माधव मैरिज लॉन, जैतीपुर एवं स्टार मैरिज लॉन, जलालाबाद में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 139 नवयुगलों का विवाह विधि-विधान एवं सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार सम्पन्न कराया गया।

कार्यक्रम में कटरा विधानसभा क्षेत्र के 69 जोड़ों (64 हिन्दू एवं 5 मुस्लिम) तथा जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र के 70 जोड़ों (68 हिन्दू एवं 2 मुस्लिम) का विवाह सम्पन्न कराया गया। समारोह का संचालन इन्दु अजनबी एवं राम सिंह ने किया।

कार्यक्रम में कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह "प्रिन्स" तथा जलालाबाद विधायक हरि प्रकाश वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा क्षेत्र पंचायतों एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष, उपजिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी तथा जिला समाज कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में खण्ड विकास अधिकारी खुदागंज, जैतीपुर, जलालाबाद, कलान एवं मिर्जापुर, नगर पंचायत खुदागंज, कटरा, जलालाबाद एवं अल्हागंज के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, शाहजहाँपुर के कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम के अंत में जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं सहयोगी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

नोट: यह समाचार जिला समाज कल्याण अधिकारी, शाहजहाँपुर द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments