Breaking News

सड़क सुरक्षा अभियान के तहत 2081 वाहनों के चालान, ड्रंकन ड्राइविंग पर विशेष कार्रवाई

 





स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 27 जुलाई। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में जनपद में सप्ताहांत पर विशेष ड्रंकन ड्राइविंग एवं सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टोल प्लाजाओं एवं प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 2081 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, यह अभियान 25 एवं 26 जुलाई 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात शुभम वर्मा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक यातायात बच्चू सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान में यातायात पुलिस एवं संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने मदनापुर, सिंधौली, खुटार एवं पुवायां क्षेत्र के टोल प्लाजाओं सहित प्रमुख मार्गों पर रात 8:00 बजे से 11:00 बजे तक विशेष चेकिंग की।

अभियान के दौरान ब्रेथ एनालाइजर की सहायता से वाहन चालकों की जांच की गई। नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए 19 ड्रंकन ड्राइविंग, 3 मॉडिफाइड साइलेंसर, 60 प्रेशर हॉर्न एवं हूटर तथा 1133 बिना हेलमेट के चालान किए गए। विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन में कुल 2081 चालान जारी किए गए।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों एवं यात्रियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए शराब पीकर वाहन न चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की सलाह दी। टोल प्लाजाओं पर परिवार सहित यात्रा कर रहे लोगों से उनकी कुशलक्षेम भी पूछी गई और यात्रा संबंधी समस्याओं की जानकारी ली गई।

पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।

नोट: यह समाचार शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments