Breaking News

शाहजहाँपुर में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, 25 शिक्षकों को वितरित किए गए कैशलेस चिकित्सा कार्ड

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 26 जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उच्च शिक्षा विभाग के 7.50 लाख से अधिक शिक्षकों एवं उनके आश्रितों के लिए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का जनपद स्तरीय सजीव प्रसारण गांधी भवन प्रेक्षागृह, शाहजहाँपुर में आयोजित किया गया।

जनपद स्तरीय कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, सांसद अरुण कुमार सागर, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं और उनका स्वस्थ एवं सुरक्षित रहना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में प्रदेश सरकार का महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी चिकित्सालयों में प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज के दौरान आर्थिक बोझ कम होगा।

विशिष्ट अतिथि सांसद अरुण कुमार सागर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिससे समाज के सभी वर्गों को लाभ मिल रहा है।

जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के 43 महाविद्यालयों में कार्यरत लगभग 1,500 शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को इस योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि पात्र लाभार्थी सूचीबद्ध अस्पतालों में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।

इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने 25 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में एस.एस. यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार बी.के. मौर्य, जनपदीय नोडल अधिकारी श्रीकृष्ण सिंह, जी.एफ. कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. मोहसिन खान, प्रधानाचार्य संजय मौर्य, प्रधानाचार्य दीपक कुमार दीक्षित, जिला समन्वयक राजन प्रजापति सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती इंदु अजनवी ने किया।

नोट: यह समाचार जिला प्रशासन, शाहजहाँपुर द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments