Breaking News

परिवार परामर्श केंद्र में 25 मामलों की सुनवाई, चार दंपतियों के बीच कराया गया समझौता

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 27 जुलाई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में रविवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में वैवाहिक विवादों के निस्तारण के लिए परामर्श सत्र आयोजित किया गया। केंद्र में कुल 25 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई, जिनमें से चार दंपतियों के बीच आपसी सहमति से समझौता कराकर उन्हें साथ विदा किया गया।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, थाना कांट क्षेत्र के एक दंपति के बीच घरेलू विवाद को लेकर दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई। परामर्श के बाद दोनों ने आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने का निर्णय लिया और साथ रहने पर सहमति जताई।

थाना सदर बाजार क्षेत्र के एक अन्य दंपति के मामले में भी दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र बुलाकर बातचीत कराई गई। आपसी मतभेद दूर होने के बाद दोनों ने समझौता कर लिया और साथ रहने का निर्णय लिया।

इसी प्रकार थाना कोतवाली क्षेत्र के दो अलग-अलग वैवाहिक विवादों में भी दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई। परामर्श के दौरान दोनों मामलों में पति-पत्नी आपसी सहमति से साथ रहने के लिए तैयार हो गए, जिसके बाद उन्हें सकुशल विदा किया गया।

परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर परिवारों को टूटने से बचाना तथा आपसी संवाद के माध्यम से मतभेद समाप्त कराना है।

इस अवसर पर प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, मुख्य महिला आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी नेहा चौहान, मोनिका कुमारी, शीतल चौहान, रश्मि चौधरी, पिंकी, निशा मिश्रा, आरक्षी रिंकू एवं आरक्षी विनीत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

नोट: यह समाचार शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट पर आधारित है। इसमें वर्णित तथ्य पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार हैं।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments