Breaking News

जैम-2026 में कौशल कुमार यादव की शानदार सफलता, भौतिकी में हासिल की अखिल भारतीय रैंक 2294

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 27 जुलाई। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) द्वारा परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित ज्वाइंट एडमिशन टेस्ट फॉर मास्टर्स (JAM)-2026 में शाहजहाँपुर के कौशल कुमार यादव ने भौतिकी विषय में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने परीक्षा में अखिल भारतीय रैंक (AIR) 2294 प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस वर्ष भौतिकी विषय में कुल 9,123 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। निर्धारित 12.04 कट-ऑफ अंक के मुकाबले कौशल ने 18.33 अंक प्राप्त किए, जिसके आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), जालंधर में प्रवेश के लिए हुआ है।

कौशल कुमार यादव ने स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज, शाहजहाँपुर से सत्र 2024-25 में बी.एससी. की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा निरंतर अध्ययन को दिया। उन्होंने बताया कि भविष्य में वे भौतिकी के क्षेत्र में उच्च शिक्षा एवं शोध करना चाहते हैं।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने कौशल तथा भौतिकी विभाग को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. शिशिर शुक्ला सहित डॉ. आलोक कुमार सिंह, राजनंदन सिंह राजपूत, हर्ष पाराशरी, सत्येंद्र कुमार सिंह, सुधाकर गुप्ता, प्रशांत शर्मा, रजनीश दीक्षित एवं देवेंद्र कुमार समेत विभाग के सभी शिक्षकों ने कौशल को शुभकामनाएं दीं।

नोट: यह समाचार विश्वविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments