Breaking News

जनशिकायतों के निस्तारण में शाहजहांपुर पुलिस की पहल, एक दिन में 47 शिकायतों का मौके पर किया समाधान

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश

शाहजहांपुर। जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए शाहजहांपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को जनपद भर में 47 शिकायतों का मौके पर पहुंचकर निस्तारण किया गया। अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से थाने अथवा पुलिस कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को बनाया गया है।

अभियान के अंतर्गत सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के पास स्वयं पहुंचकर शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर उनका निस्तारण कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में प्रतिदिन कम से कम एक तथा प्रत्येक थाना प्रभारी अपने थाना क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर जाकर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित कर रहे हैं।

30 जुलाई 2026 को चलाए गए अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थानों में प्राप्त शिकायतों में से कुल 47 मामलों का मौके पर समाधान किया गया। इस दौरान शिकायतकर्ताओं एवं दोनों पक्षों से फीडबैक लेकर उनकी संतुष्टि भी सुनिश्चित की गई।

शाहजहांपुर पुलिस का कहना है कि इस व्यवस्था से शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने अथवा उच्चाधिकारियों के कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी और शिकायतों का अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान मौके पर ही सुनिश्चित किया जा सकेगा।

Post a Comment

0 Comments