ब्यूरो रिपोर्ट सुधीर सिंह कुम्भाणी, सीतापुर ✍️
सकरन (सीतापुर), 30 जुलाई। विकास खंड सकरन परिसर में कर्मचारियों एवं आमजन के लिए लगाए गए आरओ (वॉटर प्यूरिफायर) में पिछले लगभग दो माह से करंट उतरने की शिकायत सामने आई है। कर्मचारियों का कहना है कि पानी पीने के दौरान टोटी छूते ही बिजली का झटका लगता है, जिससे लोग जान जोखिम में डालकर पानी पीने को मजबूर हैं।
स्थानीय कर्मचारियों के अनुसार, विधायक निधि से वित्तीय वर्ष 2023-24 में ब्लॉक परिसर में शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की व्यवस्था के लिए आरओ प्लांट लगाया गया था। लगभग एक वर्ष तक यह सुचारु रूप से संचालित हुआ, लेकिन बाद में इसका फिल्टर खराब हो गया। इसके बाद से आरओ में करंट उतरने की समस्या बनी हुई है।
कर्मचारियों का कहना है कि जब तक बिजली आपूर्ति रहती है, तब तक आरओ में करंट महसूस होता है, जबकि बिजली चले जाने पर यह सामान्य हो जाता है। इस कारण कई लोग पानी पीने से बच रहे हैं। उनका कहना है कि छुट्टी के समय बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी यहां पानी पीने आते हैं, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कृष्ण कुमार वर्मा ने बताया कि विधायक निधि से ब्लॉक परिसर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में आरओ लगाए गए थे। उनका कहना है कि इन मशीनों की पांच वर्ष की गारंटी होने के बावजूद खराब होने पर इन्हें अभी तक दुरुस्त नहीं कराया गया है।
ब्लॉक कर्मचारियों ने संबंधित अधिकारियों से आरओ की तत्काल तकनीकी जांच कराकर उसे सुरक्षित रूप से संचालित कराने की मांग की है, ताकि किसी संभावित हादसे से बचा जा सके।
समाचार लिखे जाने तक संबंधित विभाग का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। यदि विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त होती है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments