Breaking News

सहकारिता से किसानों को मिलेगी नई ताकत, शाहजहाँपुर में 49 नई सहकारी समितियों का गठन

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कैंप कार्यालय में जिला सहकारी विकास समिति (DDC) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवगठित सहकारी समितियों की प्रगति, गोदाम निर्माण, दुग्ध एवं मत्स्य सहकारी समितियों के विस्तार तथा किसानों को उर्वरक, केसीसी ऋण और अन्य सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई।

बैठक में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता गणेश गुप्ता ने बताया कि जनपद में 49 नई एम-पैक्स (बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों) का गठन किया गया है, जिनमें से 15 समितियों ने कार्य प्रारंभ कर दिया है। शेष समितियों का संचालन भी शीघ्र शुरू किया जाएगा। इन समितियों के माध्यम से किसानों को उर्वरक, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण तथा सहकारिता विभाग की अन्य योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।

उन्होंने बताया कि मत्स्य विभाग द्वारा 3 तथा दुग्ध विभाग द्वारा 2 सहकारी समितियों का गठन किया गया है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्थानीय स्तर पर योजना बनाकर दुग्ध एवं मत्स्य सहकारी समितियों की संख्या बढ़ाई जाए तथा दुग्ध विभाग अपनी निष्क्रिय समितियों को पुनः सक्रिय करे।

बैठक में बताया गया कि नवगठित 49 सहकारी समितियों में से 4 समितियों के गोदाम निर्माण के लिए जिला प्रशासन द्वारा भूमि उपलब्ध करा दी गई है, जबकि 2 समितियों को स्थानीय किसानों ने निःशुल्क भूमि दान की है। शेष 44 समितियों के लिए भी तहसील स्तर से शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।

समीक्षा के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि जनपद की सभी सहकारी समितियाँ जन सुविधा केंद्र के रूप में कार्य कर रही हैं और अब तक 62 लाख रुपये का व्यवसाय कर चुकी हैं। वहीं, जनपद की तीन सहकारी समितियाँ प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र संचालित कर रही हैं, जिनके माध्यम से अब तक 4.85 लाख रुपये का व्यवसाय किया गया है।

बैठक में 'सहकार से समृद्धि' योजना के अंतर्गत सहकारी समितियों के व्यवसाय के विविधीकरण, उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा स्थानीय स्तर पर सहकारिता विभाग की योजनाओं के प्रभावी संचालन पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में सहायक निदेशक मत्स्य, जिला कृषि एवं कल्याण अधिकारी, डीडीएम नाबार्ड, जिला सहकारी बैंक, जिला दुग्ध संघ, भारतीय खाद्य निगम, उत्तर प्रदेश राज्य भंडारण निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments