Breaking News

सिधौली थाने में कांवड़ यात्रा एवं चेहल्लुम को लेकर पीस कमेटी की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 29 जुलाई। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा एवं चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी पुवायां के नेतृत्व में थाना सिधौली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, ताजियादारों, कांवड़ यात्रा से जुड़े आयोजकों तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान क्षेत्राधिकारी पुवायां ने सभी उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता एवं सौहार्द बनाए रखते हुए दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।

बैठक में कांवड़ यात्रा के निर्धारित मार्ग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता, भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही चेहल्लुम के जुलूसों के निर्धारित मार्ग, समय, सुरक्षा व्यवस्था एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने, अफवाह फैलाने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा कांवड़ यात्रा एवं चेहल्लुम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का आश्वासन दिया।

नोट: यह समाचार शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments