Breaking News

कर एवं राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक में डीएम सख्त, फार्मर आईडी और लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 27 जुलाई। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में कर एवं करेत्तर, राजस्व तथा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड (राजस्व) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों, राजस्व वसूली तथा लंबित राजस्व मामलों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विभिन्न विभागों की रैंकिंग की समीक्षा करते हुए जिन विभागों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया, उनके अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों एवं जनहित योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

कर एवं करेत्तर की समीक्षा के दौरान आबकारी, स्टांप एवं निबंधन, वाणिज्य कर, परिवहन तथा विद्युत विभाग के राजस्व लक्ष्यों की प्रगति का आकलन किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को वित्तीय वर्ष के निर्धारित राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने, प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने तथा राजस्व वसूली में प्रभावी सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अंश निर्धारण से संबंधित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण तथा फार्मर आईडी निर्माण अभियान में तेजी लाकर सभी पात्र किसानों की शत-प्रतिशत फार्मर आईडी तैयार कराने पर विशेष बल दिया।

बैठक में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 24, 34, 38, 67 एवं 116 के अंतर्गत लंबित राजस्व वादों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) मोहम्मद अवेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

नोट: यह समाचार जिला प्रशासन, शाहजहाँपुर द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments