स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित वीसी सभागार में शहीद उद्यान समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शहीद उद्यान के जीर्णोद्धार, आगंतुकों की सुविधाओं के विस्तार तथा गांधी भवन के संचालन और शुल्क निर्धारण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने शहीद उद्यान परिसर में लगे जर्जर झूलों को तत्काल बदलने, खराब लाइटों को दुरुस्त करने, फाउंटेन को शीघ्र संचालित कराने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति के निर्देश दिए। साथ ही उद्यान का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य समयबद्ध ढंग से कराने को कहा।
शहीद उद्यान को सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शनिवार शाम 6 बजे नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग, संगीत एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि स्थानीय कलाकारों को मंच मिले और आमजन को सांस्कृतिक गतिविधियों का लाभ मिल सके।
बैठक में गांधी भवन के संचालन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। भवन में विद्युत व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए एक इलेक्ट्रीशियन की नियुक्ति की जाएगी, जिसे ₹5,000 प्रतिमाह मानदेय तथा प्रत्येक कार्यक्रम पर ₹500 अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा।
गांधी भवन प्रेक्षागृह की बुकिंग के लिए नई शुल्क व्यवस्था भी लागू की गई है। सामान्य कार्यक्रमों के लिए बिना एसी ₹9,000 तथा एसी सहित ₹12,000, जबकि अन्य कार्यक्रमों के लिए बिना एसी ₹12,000 और एसी सहित ₹15,000 शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रत्येक कार्यक्रम के लिए ₹3,000 की सुरक्षा राशि जमा कराना भी अनिवार्य होगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित शुल्क के बिना किसी भी कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत सहित संबंधित अधिकारी एवं शहीद उद्यान समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments