स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 28 जुलाई। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने मंगलवार को संबंधित अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, पुलिस अधीक्षक नगर देवेन्द्र कुमार, एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे सहित संबंधित उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट, पुत्तूलाल चौराहा, केरूगंज चौराहा, बरेली मोड़, ददरौल मोड़, कांट, जलालाबाद, अल्हागंज, हुल्लापुर चौराहा, मदनापुर, खैरपुर चौराहा, कटरा तथा तिलहर होते हुए नगर क्षेत्र तक कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान कांवड़ यात्रियों के विश्राम एवं शिविर स्थलों का भी गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विश्राम स्थलों पर पर्याप्त पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को यात्रा मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत शीघ्र पूर्ण कराने तथा हुल्लापुर चौराहे पर गोल चक्कर निर्माण एवं खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अल्हागंज से हुल्लापुर मार्ग पर हाईवे किनारे नगर पंचायत अल्हागंज का कूड़ा डंप मिला, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत अल्हागंज को दो दिन के भीतर समस्त कूड़ा हटाकर एमआरएफ सेंटर भेजने तथा स्थल को मिट्टी डालकर समतल कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और निर्देशों का पालन न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को कांवड़ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्त तथा प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी पूर्ण सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
नोट: यह समाचार जिला प्रशासन, शाहजहाँपुर द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments