Breaking News

आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में शाहजहाँपुर पुलिस का विशेष अभियान जारी, एक दिन में 35 शिकायतों का मौके पर समाधान

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। अभियान के तहत 2 अगस्त 2026 को जनपदभर में पुलिस अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं के घर पहुंचकर कुल 35 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को बनाया गया है।

अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी स्वयं शिकायतकर्ताओं के पास पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी प्रतिदिन अपने थाना क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर जाकर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों द्वारा शिकायतकर्ता के घर पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत, स्थलीय जांच एवं फीडबैक लेने के बाद शिकायतों का समाधान किया जा रहा है। इस व्यवस्था से शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाना या पुलिस कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और उनकी समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी तरीके से हो रहा है।

शाहजहाँपुर पुलिस का कहना है कि आमजन को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments