Breaking News

साइबर फ्रॉड के म्यूल अकाउंट गिरोह का भंडाफोड़, विकासनगर पुलिस ने तीन शातिर गिरफ्तार किए


जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ ✍️

लखनऊ। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे "Cy-Vajra" अभियान के तहत विकासनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साइबर ठगी की रकम अपने बैंक खातों में मंगवाकर कमीशन के बदले निकालने वाले म्यूल अकाउंट गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैफ, रेहान खान और नीरज शर्मा के रूप में हुई है। ये आरोपी साइबर ठगी से प्राप्त रकम को अपने खातों में मंगवाकर कमीशन काटने के बाद तुरंत नकद निकालकर मुख्य गिरोह तक पहुंचाते थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह का संबंध देश के 13 राज्यों में दर्ज 20 से अधिक साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़ा हुआ है। अब तक की जांच में करीब 16.22 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला प्रकाश में आया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह संगठित तरीके से साइबर अपराधियों की मदद कर ठगी की रकम को बैंकिंग प्रणाली के माध्यम से ठिकाने लगाता था। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और मुख्य सरगनाओं की तलाश की जा रही है।

विकासनगर पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच लगातार जारी है।


Post a Comment

0 Comments