लखनऊ के पारा में युवती की हत्या, छात्र हिरासत में; पुलिस जुटी जांच में

 

मृतका स्मृति पांडेय (फाइल फोटो)

जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ ✍️

लखनऊ। राजधानी के पारा थाना क्षेत्र स्थित नरपतखेड़ा मोहल्ले में बुधवार को एक युवती की हत्या से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना पारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

आरोपी पुलिस हिरासत में

पुलिस के अनुसार कमरे में स्मृति पाण्डेय, पुत्री शैलेश पाण्डेय, मूल निवासी अमेठी एवं वर्तमान निवासी नरपतखेड़ा, मृत अवस्था में मिलीं। वहीं घटनास्थल पर देवांश पाठक (उम्र लगभग 21-22 वर्ष) निवासी बादशाहखेड़ा, थाना तालकटोरा, अचेत अवस्था में मिला, जिसे उपचार के लिए लोकबंधु अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय युवती के परिजन अमेठी गए हुए थे। इसी दौरान देवांश पाठक युवती के घर पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद युवक ने कथित रूप से चाकू से हमला कर युवती की हत्या कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों छात्र-छात्रा थे।

घटना की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि परिजनों से तहरीर प्राप्त कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

أحدث أقدم