स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर समाजसेवी संस्था सहयोग ने जिला कारागार पहुंचकर मानवता, अपनत्व और भाईचारे की मिसाल पेश की। संस्था के पदाधिकारियों एवं महिला सदस्यों ने जेल अधीक्षक जे.पी. तिवारी को सम्मानित किया और बंदियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की महिला सदस्यों ने बंदियों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें मिठाई खिलाकर भाईचारे एवं अपनत्व का संदेश दिया। इस दौरान बंदियों से भविष्य में दोबारा अपराध की राह पर न लौटने और अपने जीवन को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का संकल्प भी कराया गया।
संस्था के सदस्यों ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को यह एहसास कराना है कि समाज उन्हें सुधारने और जीवन में नई शुरुआत करने का अवसर देने के लिए तैयार है।
सहयोग संस्था के संस्थापक अनिल गुप्ता प्रधान एवं मो. शाहनवाज खान एडवोकेट ने कहा कि गलती इंसान से हो सकती है, लेकिन गलती सुधारकर बेहतर जीवन शुरू करने का अवसर मिलना जरूरी है। उन्होंने बंदियों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रमोद गुप्ता (पूर्व ग्रुप कैप्टन, वायुसेना), शिवम वर्मा, विकास सक्सेना, महेंद्र कुमार दुबे, स्तुति गुप्ता, रजनी गुप्ता, तराना जमाल, सुमन गुप्ता, संगीता गुप्ता, ममता यादव, अवनीश वर्मा, रचना मोहन एवं शालू यादव सहित संस्था के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
वहीं जिला कारागार की ओर से जेल अधीक्षक जे.पी. तिवारी, जेलर राम नरेश गौतम, डिप्टी जेलर सुभाष चंद यादव, डिप्टी जेलर प्रगति, श्री कृष्ण कुमार पाण्डेय, श्रीमती सुमन रानी एवं श्री बांकेलाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रक्षाबंधन के इस आयोजन ने संदेश दिया कि सुधार और नई शुरुआत का रास्ता हर व्यक्ति के लिए खुला है तथा मानवीय संवेदनाएं किसी दीवार या सलाखों की मोहताज नहीं होतीं।
