निगोहां पुलिस की तत्परता से मिला 10 वर्षीय लापता बालक, रायबरेली के बछरावां से सकुशल बरामद

ब्यूरो रिपोर्ट मो. हलीम, लखनऊ ✍️

लखनऊ। राजधानी के निगोहां थाना क्षेत्र से लापता हुए 10 वर्षीय बालक को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर लिया। बालक को रायबरेली जनपद के बछरावां से खोजकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम उतरावां निवासी एक महिला ने अपने 10 वर्षीय बेटे के घर से कहीं चले जाने और वापस न लौटने की सूचना थाना निगोहां में दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 154/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

बालक की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस टीम का तत्काल गठन किया गया। टीम ने घर के आसपास और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही बालक की फोटो के माध्यम से अन्य संभावित स्थानों पर भी तलाश की गई।

लगातार खोजबीन के बाद पुलिस ने बालक को बछरावां, जनपद रायबरेली से सकुशल बरामद कर लिया और उसके परिजनों को सौंप दिया।

बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने निगोहां पुलिस की तत्परता और कार्यकुशलता की सराहना की।

बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हर्ष वर्मा, उपनिरीक्षक चन्दन कुमार यादव, कांस्टेबल मुनेन्द्र कुमार और महिला कांस्टेबल बॉबी शामिल रहीं।

सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Previous Post Next Post