ब्यूरो चीफ आमिर मिर्ज़ा, प्रयागराज ✍️
प्रयागराज, 31 अक्टूबर 2026। संगम नगरी प्रयागराज को आधुनिक रेल कनेक्टिविटी की नई सौगात मिली है। उत्तर प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का प्रयागराज जंक्शन पर भव्य स्वागत किया गया। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच शुरू हुई इस रेल सेवा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बनारस रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रयागराज जंक्शन पर आयोजित स्वागत समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी', महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष वी.के. सिंह, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी और फूलपुर विधायक दीपक पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी समारोह में शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में इस रेल सेवा को प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक रेल सुविधाओं के विस्तार से विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में शिक्षा, व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी' ने कहा कि वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस आधुनिक रेल तकनीक और बेहतर यात्री सुविधाओं का प्रतीक है। वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर जैसे प्रमुख शहरों को राष्ट्रीय राजधानी से जोड़ने वाली यह सेवा प्रदेश की कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी।
ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ हुआ स्वागत
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस शाम 18:53 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंची। यहां ढोल-नगाड़ों, मंत्रोच्चार और पुष्पवर्षा के साथ ट्रेन का स्वागत किया गया। युवा वर्ग और छात्र-छात्राओं में ट्रेन की आधुनिक बनावट और सुविधाओं को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। कई लोगों ने इस ऐतिहासिक अवसर को अपने कैमरों में कैद किया। इसके बाद अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को अगले गंतव्य के लिए रवाना किया।
समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी' ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
प्रयागराज के यात्रियों को मिलेगी रात्रिकालीन रेल सुविधा
वाराणसी और नई दिल्ली के बीच संचालित यह वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस सेवा से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, मरीजों और श्रद्धालुओं को रात्रिकालीन यात्रा का विकल्प मिलेगा।
काशी, संगम और राजधानी के बीच बेहतर संपर्क
वाराणसी और प्रयागराज धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर, त्रिवेणी संगम, अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर जैसे प्रमुख स्थलों के कारण इन शहरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। नई रेल सेवा से इन शहरों और राष्ट्रीय राजधानी के बीच आवागमन को सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे पर्यटन, स्थानीय व्यापार और सेवा क्षेत्र को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।
आधुनिक तकनीक और आरामदायक शयन व्यवस्था
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को लंबी दूरी की रात्रिकालीन यात्रा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें आधुनिक तकनीक, उन्नत सुरक्षा प्रणालियों, आरामदायक शयन व्यवस्था और बेहतर यात्री सुविधाओं पर ध्यान दिया गया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को लंबी दूरी के सफर में अधिक सुविधाजनक अनुभव प्रदान करना है।
इस अवसर पर रेलवे अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समितियों के सदस्य, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
सच की आवाज़ वेब न्यूज़
