दुकान के गल्ले से नकदी चोरी करने वाला कर्मचारी गिरफ्तार, पीजीआई पुलिस ने आरोपी प्रिंस गुप्ता को दबोचा


ब्यूरो रिपोर्ट रिज़वान अली, लखनऊ ✍️

लखनऊ। राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र में दुकान से नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रिंस गुप्ता के रूप में हुई है। वह कथित तौर पर दुकान में काम करता था और उसी दुकान के गल्ले में रखी नकदी चोरी करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को दमन दीप सिंह पुत्र सरबजीत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी प्रिंस ने दुकान में रखी नकदी निकाल ली है। शिकायत के आधार पर थाना पीजीआई में मुकदमा संख्या 542/2026 दर्ज किया गया।

मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। तकनीकी साक्ष्यों, मैनुअल प्रयासों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने अभियुक्त प्रिंस गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि दुकान के गल्ले में रखे रुपये देखकर उसके मन में लालच आ गया था और उसने नकदी चोरी करने की योजना बनाई थी।

पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Previous Post Next Post