मिशन शक्ति अभियान के तहत गांवों और कस्बों में आयोजित हुए बहू-बेटी सम्मेलन, महिलाओं को सुरक्षा व अधिकारों के प्रति किया जागरूक

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। मिशन शक्ति अभियान (फेज-6) के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार, 21 नवंबर को जनपद के सभी थाना क्षेत्रों के गांवों और कस्बों में बहू-बेटी सम्मेलनों का आयोजन किया गया। मिशन शक्ति टीम एवं एंटी रोमियो टीम की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा मिशन शक्ति की नोडल प्रभारी अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों में क्षेत्र की महिलाओं, बालिकाओं, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। इस दौरान महिला बीट अधिकारियों ने ग्राम चौपाल लगाकर महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की।


कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बालिकाओं को दहेज प्रथा, बाल विवाह और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि बाल विवाह दंडनीय अपराध है तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत दहेज लेना और देना दोनों कानूनन अपराध हैं।

पुलिस टीम ने महिलाओं को विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी समस्या या आपात स्थिति में वे वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क कर सकती हैं।

इसके साथ ही गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, महिला अधिकारों और उनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। महिलाओं को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी और निजी विवरण साझा न करने की सलाह दी गई।

सम्मेलनों के दौरान शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पम्पलेट वितरित किए गए। साथ ही थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली, उद्देश्य एवं उपलब्ध सेवाओं के बारे में बताया गया, ताकि महिलाएं अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इन केंद्रों का लाभ उठा सकें। परिवार परामर्श केंद्र और सुगम कानूनी सहायता के संबंध में भी जानकारी दी गई।

वहीं, नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में बताते हुए लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। पुरुषों को यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की भी अपील की गई।

बलरामपुर पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे प्रत्येक महिला और बालिका भयमुक्त, सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सके।

Previous Post Next Post