ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के जनपद बलरामपुर में प्रथम आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। बलरामपुर बॉर्डर स्थित पावन बिजलीपुर मंदिर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
जनपद प्रवास के दौरान राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने उतरौला, गैसड़ी, तुलसीपुर एवं बलरामपुर सदर विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग संगठनात्मक बैठकें कीं। इन बैठकों में पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मंडल अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों तथा पार्टी के वरिष्ठ एवं समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित किया। उन्होंने संगठन की वर्तमान गतिविधियों, कार्यप्रणाली और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी लेने के साथ ही कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना।
इस दौरान जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा ने भी विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में सहभागिता की। राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी एवं प्रभारी मंत्री सतीश शर्मा ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए नियमित बैठकें आयोजित करने, पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को निरंतर क्षेत्रीय प्रवास करने तथा बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को सक्रिय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक मजबूती कार्यकर्ताओं के आपसी समन्वय, संवाद और निरंतर सक्रियता से सुनिश्चित होती है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। इसके लिए जनसंपर्क अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग किया जाए।
बैठकों में कार्यकर्ताओं द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना गया तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया गया। संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ पुराने एवं वर्तमान कार्यकर्ताओं के अनुभवों, सुझावों और स्थानीय परिस्थितियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. आरती तिवारी, विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, विधायक राम प्रताप वर्मा, शैलेश कुमार सिंह शैलू, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू', पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह, चंद्र प्रकाश सिंह गुड्डू, बृजेन्द्र तिवारी, वरुण सिंह मोनू, शिव प्रसाद यादव, डॉ. अजय सिंह पिंकू, बिन्दु विश्वकर्मा, महेन्द्र पाण्डेय, डीपी सिंह बैस सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, सभासद एवं बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
