गुरु गोरक्षनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 7.0 का भव्य समापन, मेगा शिविर में 11,234 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। नेशनल मेडिकल ऑर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में संचालित गुरु गोरक्षनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 7.0 का मंगलवार को विशाल मेगा स्वास्थ्य शिविर के साथ भव्य समापन हुआ। श्री देवीपाटन मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी की अध्यक्षता में आयोजित समापन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सतीश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विभिन्न प्रांतों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मेगा शिविर में कुल 11,234 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराईं।


मेगा स्वास्थ्य शिविर में हृदय रोग, गुर्दा रोग, तंत्रिका रोग, हड्डी रोग, दंत रोग, नेत्र रोग, बाल रोग, पेट, छाती, त्वचा एवं स्त्री रोग सहित विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। इसके साथ ही नाक-कान-गला और कैंसर रोग से पीड़ित मरीजों को भी विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श दिया।

शिविर में मरीजों का रक्तचाप, मधुमेह एवं रक्त संबंधी विभिन्न जांचें की गईं। बड़ी संख्या में लोग अपने स्वास्थ्य की जांच कराने पहुंचे। विशेष रूप से सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या अधिक रही। चिकित्सकीय परीक्षण एवं परामर्श के बाद मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।

इस विशाल स्वास्थ्य सेवा अभियान को सफल बनाने में कल्याण सिंह कैंसर संस्थान, बाबू बनारसी दास मेडिकल कॉलेज लखनऊ, मेडिकल कॉलेज अयोध्या, एससीपीएम गोंडा, बलरामपुर स्वास्थ्य विभाग तथा निदान हॉस्पिटल की टीमों का विशेष सहयोग रहा।

समापन समारोह में स्वास्थ्य सेवा यात्रा के दौरान उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों एवं शिविर के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले लोगों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में गुरु गोरक्षनाथ सेवा न्यास के अध्यक्ष एवं कल्याण सिंह कैंसर संस्थान के निदेशक डॉ. एमएलबी भट्ट, स्थायी न्यासी एवं नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी, गंगा सिंह, एनएमओ के प्रांत सचिव डॉ. शिवम मिश्रा, सौम्य अग्रवाल, एससीपीएम के निदेशक डॉ. आयुष पांडेय, मेडिकल कॉलेज गोंडा के प्राचार्य प्रो. संतोष कुमार वर्मा, विभाग प्रचारक प्रवीण, जिला प्रचारक जितेंद्र, एनएमओ जिलाध्यक्ष डॉ. शरद प्रताप सिंह, सचिव डॉ. विकल्प मिश्रा, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, अंजली मिश्रा, डॉ. विशाल मिश्रा, रामकृपाल शुक्ल, मनीष गुप्ता एवं कुशाग्र सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

गुरु गोरक्षनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 7.0 के समापन पर 11,234 मरीजों को उपचार एवं निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराना जनसेवा और चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आया।

Previous Post Next Post