सद्भावना ट्रस्ट ने काकोरी में महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों पर चलाया जागरूकता अभियान


16 दिवसीय अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक ‘तेरे मेरे सपने’ के जरिए लैंगिक समानता, शिक्षा और सुरक्षा का दिया संदेश

सच की आवाज वेब न्यूज | संवाददाता

काकोरी, लखनऊ। महिलाओं और बालिकाओं के अधिकार, सुरक्षा, सम्मान तथा लैंगिक समानता को लेकर सद्भावना ट्रस्ट की ओर से 16 दिवसीय अभियान के तहत 25 नवंबर 2026 को काकोरी के हाता गुलाम सबदर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 120 लोगों ने भाग लिया। इसमें समुदाय के लोग, महिलाएं, किशोरियां, स्थानीय प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के हितधारक शामिल रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सद्भावना ट्रस्ट के परिचय और 16 दिवसीय अभियान के उद्देश्य की जानकारी देने के साथ हुई। इसके बाद ट्रस्ट के साथियों ने जागरूकता गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नुक्कड़ नाटक ‘तेरे मेरे सपने’ रहा, जिसके माध्यम से लड़के-लड़कियों के बीच भेदभाव, शिक्षा का अधिकार, अपनी पसंद से जीवन जीने की स्वतंत्रता और समान अवसर जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया गया।

नाटक के बाद समुदाय के लोगों के साथ चर्चा की गई, जिसमें उपस्थित लोगों ने बेटियों और बेटों को समान सम्मान और अवसर देने की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के लखनऊ जिला अध्यक्ष सालिम काकोरी एवं रमेश खान लाला मौजूद रहे। सालिम काकोरी ने कहा कि बेटियों को अवसर और सहयोग मिले तो वे भी इंदिरा गांधी जैसी पहचान बना सकती हैं। बेटियां किसी से कमजोर नहीं हैं और उन्हें अपनी पहचान बनाने के लिए शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में किसी भी लड़की के साथ गलत होने पर वे उसके साथ खड़े रहेंगे।

इस अवसर पर संघर्षशील महिला संजू देवी ने अपने जीवन के संघर्षों और परिवार से मिले सहयोग के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने से रोकने के बजाय उनका साथ देना चाहिए, तभी वे अपने सपनों को पूरा कर सकेंगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उर्मिला देवी ने महिलाओं के बदलते सामाजिक जीवन पर विचार रखते हुए गीत प्रस्तुत किया। मुजीब और शरीक सर ने भी महिलाओं के अधिकारों तथा सामाजिक बदलाव की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में मिशन शक्ति की प्रतिनिधि रेखा यादव और समीक्षा सिंह ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। समीक्षा सिंह ने बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या हिंसा की स्थिति में महिलाएं पिंक बूथ, थानों में महिला हेल्प डेस्क और 112 हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने महिलाओं से अपनी समस्याओं को लेकर आगे आने और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सद्भावना ट्रस्ट की फील्ड प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर मरियम और सामाजिक कार्यकर्ता गुंजन सहित सभी फेलोस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नगमा, खुशी, नसरीन, कंचन, सना, उजमा और रोजी ने कार्यक्रम की विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। वहीं समरीन और सहरीन ने सोशल मीडिया के माध्यम से कार्यक्रम को अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग किया।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिलाओं और बालिकाओं के साथ होने वाली हिंसा तथा भेदभाव को रोकने के लिए परिवार, समुदाय और समाज के सभी लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा। प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और अपनी जिंदगी से जुड़े फैसले लेने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।

सद्भावना ट्रस्ट का यह जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों के प्रति सामाजिक समझ विकसित करने तथा लैंगिक समानता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

Previous Post Next Post