वेयरहाउस की जमीन पर फिर गरमाया विवाद, सीमांकन करने पहुंची टीम से नोकझोंक


सरकारी कार्य में बाधा और अभद्रता के आरोप में छह लोगों पर मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

ब्यूरो रिपोर्ट सीमा मौर्या उन्नाव ✍️ 

उन्नाव। पुरवा तहसील क्षेत्र के सहरावां गांव में वेयरहाउस निर्माण के लिए खरीदी गई जमीन का विवाद एक बार फिर गरमा गया है। दो बार सरकारी पैमाइश और सीमांकन होने के बावजूद विवाद का समाधान नहीं हो सका। 23 नवंबर को तीसरी बार जमीन का चिन्हांकन करने पहुंची राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों ने राजस्व कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया। घटना के बाद क्षेत्रीय लेखपाल ममता प्रजापति की तहरीर पर थाना सोहरामऊ पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, इन्वेस्ट यूपी कार्यक्रम के तहत सहरावां गांव में क्वीकार्गो लॉजिस्टिक्स एलएलपी द्वारा वेयरहाउस स्थापित किया जा रहा है। कंपनी ने गाटा संख्या 2029, 2248, 2249 और 2250 में जमीन खरीदी है। इसी भूमि की सीमाओं को लेकर विवाद चल रहा है, जिसके चलते निर्माण कार्य में व्यवधान की शिकायतें सामने आती रही हैं।

लेखपाल ममता प्रजापति के मुताबिक, पूर्व में दो बार कराई गई सरकारी पैमाइश में संबंधित पक्ष की दर्ज भूमि मौके पर पूरी पाई गई थी। 20 नवंबर को एसडीएम पुरवा द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में 23 नवंबर को राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम दोबारा सीमांकन कराने पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए राजस्व कर्मचारियों के साथ अभद्रता की और सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया।

छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

लेखपाल की तहरीर पर शिवरानी पत्नी चंदन लाल, उनकी पुत्रियां कांति, नीता और सोनी तथा पुत्र संतोष और विष्णु निवासी ग्राम सहरावां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि सभी ने एकराय होकर राजस्व टीम के कार्य में हस्तक्षेप किया और कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पहले भी दो बार हो चुकी है पैमाइश

जमीन विवाद में पहली पैमाइश 3 जून को नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में कराई गई थी। इसके बाद 4 जुलाई को एसडीएम पुरवा और सीओ पुरवा की मौजूदगी में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने दोबारा सीमांकन किया था। लेखपाल की तहरीर के अनुसार, दोनों पैमाइशों में गाटा संख्या 2250 में शिवरानी के नाम दर्ज 0.4800 हेक्टेयर भूमि मौके पर उपलब्ध पाई गई थी।

प्रशासनिक अमला रहा मौजूद

23 नवंबर को हुई कार्रवाई के दौरान एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और लेखपालों की टीम मौजूद रही। वहीं सीओ पुरवा, थानाध्यक्ष असोहा और थानाध्यक्ष सोहरामऊ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे।

दो बार सरकारी पैमाइश और सीमांकन होने के बाद भी जमीन का विवाद पूरी तरह नहीं सुलझ पाया है। फिलहाल पुलिस दर्ज मुकदमे की जांच कर रही है। जांच और संबंधित पक्षों के बयान सामने आने के बाद मामले की आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Previous Post Next Post