ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर 23 नवंबर को रिजर्व पुलिस लाइन बलरामपुर में पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी। इस दौरान उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस झंडा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास, शौर्य, पराक्रम और कर्तव्यनिष्ठा की परंपराओं से अवगत कराया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 23 नवंबर का दिन उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी दिन वर्ष 1952 में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस एवं पीएसी को शौर्य, अदम्य साहस और कर्तव्यपरायणता के लिए पुलिस ध्वज प्रदान किया था। यह ध्वज पुलिस बल के गौरव, सम्मान, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की वर्दी की बायीं जेब के ऊपर पुलिस ध्वज का स्टीकर लगाया तथा सभी को पुलिस झंडा दिवस की बधाई दी। साथ ही मिष्ठान वितरित कर इस गौरवशाली दिवस की खुशियां साझा की गईं।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस ध्वज महज एक प्रतीक नहीं, बल्कि प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ करने की प्रेरणा देता है। पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों की रोकथाम करना और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने में प्रभावी भूमिका निभाना है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, संगठित अपराध तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में प्रत्येक पुलिसकर्मी का सतर्क, संवेदनशील और तकनीकी रूप से दक्ष रहना आवश्यक है। आमजन के प्रति विनम्र व्यवहार रखते हुए पीड़ितों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुलिस ध्वज की आन-बान-शान बनाए रखने, संविधान एवं कानून के प्रति निष्ठावान रहने तथा जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल, पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के बीच उत्साह और गौरव का माहौल रहा।


