स्कूलों में अनफिट वाहन मिलने पर मान्यता रद्द करने की चेतावनी, कोहरे से निपटने के लिए रिफ्लेक्टर और एंटी फॉग गन लगाने पर जोर
ब्यूरो रिपोर्ट सीमा मौर्या उन्नाव ✍️
उन्नाव। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए प्रतिदिन अधिक से अधिक वाहनों की जांच और चालान करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्कूलों में संचालित वाहनों की फिटनेस पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी विद्यालय में अनफिट वाहन संचालित पाए गए तो संबंधित स्कूल की मान्यता रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही स्कूल वाहन चालकों का चरित्र सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए।
आगामी दिनों में कोहरे की संभावना को देखते हुए डीएम ने वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने और सड़क सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने एक्सप्रेसवे पर एंटी फॉग गन लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि कोहरे के दौरान दृश्यता में सुधार और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
जिलाधिकारी ने सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजने तथा टेंपो और ऑटो के लिए निर्धारित स्टैंड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा शहर में यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण को हटाने पर भी जोर दिया।
बैठक में ब्लैक स्पॉट, अवैध कट और दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों की पहचान कर उनमें आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा।
डीएम घनश्याम मीना ने कहा कि सड़क हादसों पर अंकुश लगाना किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन सुनिश्चित कराएं और लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें।
