स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर, 23 जुलाई। जनपद शाहजहांपुर में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित "अटल सहजन वन" का निरीक्षण मंगलवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने सहजन वन की गतिविधियों का बारीकी से जायजा लिया और वन क्षेत्र को और समृद्ध बनाने हेतु 10 एकड़ में बंबू गार्डन विकसित किए जाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर दिए गए निर्देश:
• ग्रामीण महिलाएं और पुरुषों द्वारा पेड़ों की देखरेख को देखकर डीएम ने जताई प्रसन्नता।
• पतले सहजन वृक्षों को बांस की डंडियों से सहारा देकर मजबूत किया जा रहा है।
• लगाए गए सभी पेड़ों की गिनती करने और मृत पौधों की जगह नए पौधे लगाने का निर्देश।
• वन की समुचित देखभाल हेतु मुख्य द्वार पर केयरटेकर कक्ष बनवाने के निर्देश।
• उपलब्ध भूमि पर "बाम्बू गार्डन" विकसित करने की योजना, प्रथम चरण में होगी तारबाड़।
• बाम्बू गार्डन को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, होंगी झोपड़ियां और खानपान की व्यवस्था।
• हर बुधवार को जिलाधिकारी करेंगे अटल सहजन वन का निरीक्षण।
जिलाधिकारी ने सहजन वन की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पौधे की देखरेख नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए और जहां आवश्यक हो, वहां नए पौधों की पुनः रोपाई की जाए ताकि वन की हरियाली निरंतर बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य द्वार पर एक केयरटेकर कक्ष बनवाने के निर्देश दिए जिससे सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत हो सके। उन्होंने लेखपाल से भूमि की स्थिति की जानकारी ली, जिस पर लेखपाल ने बताया कि पर्याप्त भूमि उपलब्ध है।
इसके आधार पर डीएम ने जिला उद्यान अधिकारी पुनीत पाठक को आदेशित किया कि 10 एकड़ भूमि में चरणबद्ध तरीके से बाम्बू गार्डन विकसित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले चरण में तारबाड़ कराई जाए, फिर बांस की रोपाई की जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह गार्डन पर्यावरणीय प्रतीक होने के साथ-साथ एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें प्राकृतिक झोपड़ियां, खानपान और अन्य सुविधाएं मौजूद रहेंगी। उन्होंने कहा कि यह जगह स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों दोनों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि हर बुधवार को वे अटल सहजन वन का निरीक्षण करेंगे और प्रगति की समीक्षा करेंगे ताकि यह परियोजना मिशन मोड में आगे बढ़े।
यह पहल शाहजहांपुर को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नई पहचान दिलाने की ओर एक सार्थक कदम मानी जा रही है।
0 Comments