शाहजहाँपुर, 13 फरवरी।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के गतिमान कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित की गई। बैठक में समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नो-मैपिंग वाले मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि संबंधित कार्य 20 फरवरी तक पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि 27 फरवरी तक प्रत्येक बूथ पर बीएलओ प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा सभी बूथों पर हेल्प डेस्क की स्थापना सुनिश्चित की जाए।
लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी (तार्किक विसंगतियों) की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रतिदिन 3 से 4 हजार प्रकरणों का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही बूथवार ड्राफ्ट पब्लिकेशन के अनुसार महिला-पुरुष जेंडर रेशियो निकालने, एएसडी सूची में शिफ्टेड एवं एब्सेंट मतदाताओं की सूची तैयार करने, प्राप्त फार्म-6 का एएसडी वोटर सूची से मिलान करने तथा दिव्यांग मतदाताओं का दिव्यांग पेंशन सूची से सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद प्रशिक्षण-2025 के अंतर्गत दावे-आपत्तियों एवं डुप्लीकेट मतदाताओं के निस्तारण पर चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि 20 फरवरी तक सभी दावे-आपत्तियों का निस्तारण कर हस्तलिखित पाण्डुलिपियाँ तैयार कर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के हस्ताक्षर के उपरांत जिला निर्वाचन कार्यालय में दो प्रतियों में उपलब्ध कराई जाएँ। साथ ही संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन के बाद एईआरओ पोर्टल के माध्यम से उनका निस्तारण भी 20 फरवरी तक पूर्ण करने को कहा गया।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार सहित संबंधित उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments