ब्यूरो बहराइच, शास्त्र तिवारी
बहराइच। जिले के पयागपुर विकासखंड अंतर्गत लालपुर गांव में स्थित जन आरोग्य केंद्र की स्थिति बेहद गंभीर है। लाखों रुपए खर्च होने के बावजूद स्वास्थ्य केंद्र की इमारत जर्जर हो गई है, जिससे ग्रामीण मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता खतरे में पड़ गई है।
सूत्रों के अनुसार, केंद्र की इमारत में कई कमरों की छत जर्जर हो चुकी है और उसमें लगी लोहे की सरिया बाहर दिखाई देने लगी हैं। प्रसूता अगर इलाज के लिए यहां आए तो डिलीवरी के लिए बनाए गए कमरे खतरनाक स्थिति में हैं। केंद्र के कई कमरों में अब तक खिड़कियां और दरवाजे नहीं लगाए गए हैं, जिससे मौसम और सुरक्षा की समस्याएं भी बढ़ गई हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि जन आरोग्य केंद्र का उद्देश्य मरीजों को स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना है, लेकिन खुद बीमार इमारत में मरीजों का इलाज कैसे संभव होगा। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण केंद्र की हालत इतनी खराब हो गई है कि इसे सुधारने की तत्काल जरूरत है।
अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा, लेकिन फिलहाल ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अन्य दूरदराज विकल्पों की ओर रुख करना पड़ रहा है।
यह मामला बहराइच जिले में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
शाहजहॉपुर
0 Comments